Bihar Chunav Result: बिहार की राजनीतिक दिशा तय करने वाले 243 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इस चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, क्षेत्रीय विविधता और कई सीटों पर बहुकोणीय मुकाबले ने नतीजों को बेहद रोमांचक बना दिया है। हालांकि एग्जिट पोल्स ने एनडीए को बढ़त दी है, लेकिन सियासी पंडितों का मानना है कि बिहार की ‘सीट-दर-सीट’ राजनीति अंतिम तस्वीर को चौंकाने वाला बना सकती है। आपको बता दें कि इस चुनाव में बिहार में 66.9% मतदान हुए। इतने ऊंचे मतदान प्रतिशत ने चुनावी समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है।
चुनाव आयोग ने सभी जिला मुख्यालयों में काउंटिंग सेंटर स्थापित किए हैं। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था है। 70 से अधिक ऑबजर्वर बनाए गए हैं। ईवीएम और वीवीपैट वाले स्ट्रॉन्ग रूम उम्मीदवारों की उपस्थिति में सील किए गए थे और अब कड़ी निगरानी में हैं।
कब आएगा पहला रुझान?
आपको बता दें कि पहले पोस्टल बैलेट के पैकेट खोले जाएंगे। उसे गिनकर अलग कर लिया जाएगा। इसके बाद ईवीएम की बारी आएगी। पहले घंटे में ही शुरुआती रुझानों के सामने आने की उम्मीद है। इसका मतलब यह हुआ कि 9 बजे के आसपास ही शुरुआती रुझान आएंगे।
एग्जिट पोल्स क्या कह रहे हैं?
अधिकांश राष्ट्रीय एजेंसियों ने एनडीए को स्पष्ट बढ़त दी है। कई पोल्स एनडीए को बहुमत पार करते दिखा रहे हैं। महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-लेफ्ट) को पीछे बताया गया है। बिहार की क्षेत्रीय विषमता की वजह से परिणाम इससे अलग भी हो सकते हैं। पश्चिमी बिहार को बीजेपी का मजबूत किला माना जाता है। वहीं, मध्य क्षेत्र/पटना-गंगा वाले इलाकों में राजद का प्रभाव है। उत्तर-पूर्व और भोजपुर-अवध क्षेत्र में स्थानीय समीकरण निर्णायक साबित होते हैं।

