कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुरुवार को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन को इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अपना सहायक कोच नियुक्त किया। वॉटसन ने 59 टेस्ट, 190 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें उन्होंने 10,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाए और सभी प्रारूपों में 280 से अधिक विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन वॉटसन अभिषेक नायर के साथ काम करेंगे, जिन्हें हाल ही में तीन बार की पूर्व चैंपियन केकेआर टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वॉटसन इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए थे।
शेन वॉटसन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं कोलकाता को एक और खिताब दिलाने के लिए कोचिंग समूह और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।’’ वॉटसन ऑस्ट्रेलिया की 2007 और 2015 में विश्व कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा थे। वह एक खिलाड़ी के रूप में 2008 से 2020 तक आईपीएल से भी जुड़े रहे। उन्होंने आईपीएल में 145 मैच खेले। उनके नाम चार शतक है। वह राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की चैंपियन टीमों का हिस्सा भी रहे।
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, ‘‘शेन वॉटसन का केकेआर परिवार में स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका अनुभव हमारी टीम की संस्कृति और तैयारी में बहुत योगदान देगा।’’
44 वर्षीय वॉटसन आईपीएल के दिग्गज खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 12 सीजन खेले हैं। उन्होंने 2008 में राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के पहले सीरीज में शानदार जीत दिलाई थी। उन्होंने उस सीजन में एमवीपी का खिताब जीता था और 2013 में फिर से यह कारनामा दोहराया था। इस बीच, ड्वेन ब्रावो केकेआर टीम के मेंटर बने रहेंगे। कोलकाता ने भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। नायर 2018 से केकेआर से जुड़े हुए हैं और उनके टीम प्रबंधन के अहम सदस्यों में से एक हैं। टीम चयन के मामले में ड्रेसिंग रूम में उनका काफी दबदबा रहा है।
