पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिकनिक से लौट रहे दोस्तों के एक समूह पर अज्ञात बंदूकधारियों ने घात लगाकर हमला किया, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना में शामिल लोगों पर शनिवार देर रात पेशावर से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले के उपनगरीय इलाके रेगी शिनो खेल में हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि वे टांडा बांध से अपने पैतृक गांव खरा घारी मुहम्मद जई लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की टुकड़ियों की सहायता से बचाव दल के अधिकारियों ने शवों और घायलों को कोहाट जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। घायल व्यक्ति को बाद में विशेष उपचार के लिए पेशावर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि ये सभी दोस्त थे।
अधिकारियों ने बताया कि हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए, जबकि उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हत्याओं के मकसद का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पाकिस्तान में रेल दुर्घटना, पटरी से उतरी ट्रेन
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को एक ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए। मीडिया में आई खबर से यह जानकारी मिली।
‘जियो न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना प्रांत के लोधरान रेलवे स्टेशन के पास हुई। घटना के समय ट्रेन पेशावर से कराची जा रही थी।कम से कम 19 घायल यात्रियों को क्षतिग्रस्त डिब्बों से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई।

